
देवघर से प्रेम रंजन झा का रिपोर्ट
*देवघर, 30 जुलाई 2026:* मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा द्वारा पिछले 50 वर्षों से निरंतर संचालित श्रावणी सेवा की गौरवशाली परंपरा के स्वर्णिम वर्ष में बुधवार को 36वें श्रावणी सेवा शिविर का भव्य उद्घाटन किजुरिया में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य अतिथि, समाजसेवी एवं मंच के सदस्य उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि बाबूलाल मरांडी ने अपने संबोधन में मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा द्वारा पाँच दशकों से श्रावणी मेला के दौरान कांवड़ियों की निःस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि सेवा ही भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने मंच के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को इस जनसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह में अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराम सुल्तानिया, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल एवं राकेश मोदी, राष्ट्रीय सहायक सचिव हर्ष सुल्तानिया, पूर्व राष्ट्रीय सहायक सचिव जगदीश मुंद्रा, झारखंड प्रांत अध्यक्ष विशाल पड़िया, राष्ट्रीय युवा भवन फोरम के मुकेश जालान तथा झारखंड जैन न्यास के अध्यक्ष एवं संस्थापक सचिव ताराचंद जैन सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।

मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा का यह सेवा शिविर पाँच दशकों से बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालु कांवड़ियों की सेवा का प्रमुख केंद्र रहा है। शिविर में प्रतिदिन निःशुल्क भोजन, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम, चाय, प्रसाद एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मीडिया प्रभारी प्रिंस सिंघल ने बताया कि सेवा शिविर की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से संचालित की जा रही हैं तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवक पूरे समर्पण के साथ सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से शिविर की सेवाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।

शिविर को सफल बनाने में शाखा अध्यक्ष साकेत छावछारिया, शाखा सचिव सर्वेश मोदी, कोषाध्यक्ष सत्यम बजला तथा शिविर संयोजक अमित छावछरिया, रोहित सुल्तानिया, अर्पित मोदी, ऋषभ अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, ऋषभ केड़िया, निहित टमकोरिया एवं अमरजीत शर्मा सक्रिय रूप से जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

More Stories
आर.एल सर्राफ में हाईटेक मीडिया सेंटर शुरू- उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने किया शुभारंभ, 24×7 काम करेगा सेंटर
नवाडीह में शिवशंकर सेवा शिविर शुरू — विधायक सुरेश पासवान ने किया मासव्यापी शिविर का उद्घाटन
देवघर के अनुराग रंजन ने 16वीं झारखंड राज्य तैराकी प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक::- नंदन पहाड़ लेक में अभ्यास कर रचा इतिहास, बढ़ाया जिले का मान