
देवघर से प्रेम रंजन झा का रिपोर्ट
देवघर: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, देवघर शाखा के तत्वावधान में रविवार शाम 6:00 बजे भगवान टॉकीज के निकट स्थित नृत्य कला निकेतन के प्रशाल में योग एवं प्राणायाम ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।

*निशांत जी का अंगवस्त्र देकर स्वागत*
कार्यक्रम के प्रारंभ में शाखा अध्यक्ष कंचन मूर्ति शाह ने श्री श्री रविशंकर जी के परम शिष्य निशांत जी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष आलोक मलिक ने उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों को निशांत जी का परिचय कराया।

*‘सहज श्वास से जुड़ता है व्यक्ति खुद से’ : निशांत जी*
अपने संबोधन एवं प्रशिक्षण सत्र में निशांत जी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और चेतना को जोड़ने वाली सहज जीवन पद्धति है। श्री श्री रविशंकर जी की सहज योग क्रिया के अनुसार योग में किसी प्रकार का दबाव नहीं होता, बल्कि सहज श्वास, सरल प्राणायाम, प्रसन्न मन और ध्यान के माध्यम से व्यक्ति स्वयं से जुड़ता है।

उन्होंने बताया कि नियमित योग एवं प्राणायाम से तनाव कम होता है, मन शांत होता है तथा जीवन में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है।

*हंसाते-खेलाते कराया ध्यान का अभ्यास*
इसके बाद निशांत जी ने हंसाते-खेलाते, अत्यंत सरल एवं रोचक तरीके से योगाभ्यास कराया। कब अभ्यास करते-करते सभी ध्यान की अवस्था में पहुंच गए, इसका सहज अनुभव सभी ने किया। पूरा योग सत्र शांत, ऊर्जावान एवं आत्मिक अनुभूति से परिपूर्ण रहा।

*नए सदस्यों का स्वागत*
कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद परिवार में शामिल दो नए सदस्यों लाजवंती गुप्ता एवं ज्योति कुमारी का भी स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व पदाधिकारी विलास कुमार भूईया, रंजीत बरनवाल, कंचन शेखर, संपर्क प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता, सदस्य रामकिशोर सिंह, डॉ. उषा सिंह तथा नृत्य कला निकेतन की निदेशिका शिवांगी शर्मा का योगदान रहा। बच्चों एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बनाया।

अंत में शाखा अध्यक्ष कंचन मूर्ति ने सभी का आभार जताते हुए नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

More Stories
देवघर के अनुराग रंजन ने 16वीं झारखंड राज्य तैराकी प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक::- नंदन पहाड़ लेक में अभ्यास कर रचा इतिहास, बढ़ाया जिले का मान
अखिल झारखंड ठेकेदार संघ के अध्यक्ष बने आदर्श लक्ष्य, हुआ भव्य अभिनंदन-: ठेकेदारों के हित में सरकार के समक्ष 5 सूत्री मांगें रखने पर सहमति
सावन क्वीन प्रतियोगिता में महिलाओं ने बिखेरा जलवा :- सोनी को बेस्ट ग्रीन आउटफिट, अलका को मिला ग्लैमरस का खिताब