देवघर से प्रेम रंजन झा का रिपोर्ट

10वीं राष्ट्रीय जूनियर सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य फाइनल मुकाबला आज कुमैठा स्थित सग़दाहा मैदान में बड़े ही उत्साह, जोश और रोमांच के साथ संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन देवघर जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने भाग लेकर अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबलों की शुरुआत अंडर-19 बालिका वर्ग से हुई, जिसमें मध्य प्रदेश एवं बिहार की टीमों के बीच बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मैच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन मध्य प्रदेश की बालिका टीम ने बेहतर रणनीति, अनुशासन और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर बिहार की टीम को पराजित करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों को काफी प्रभावित किया और मैदान तालियों की गूंज से भर उठा।
इसके तुरंत बाद अंडर-19 बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला बिहार और झारखंड की टीमों के बीच खेला गया। यह मुकाबला भी काफी रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों ने जीत के लिए अपना पूरा जोर लगाया। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी एवं क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन किया, जिससे मैच काफी देर तक रोमांचक बना रहा। अंत में झारखंड टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की । दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
इस भव्य अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में साबिर खान, अनिल लहरी एवं विजय प्रताप सनातन उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अभिजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन को खेल प्रतिभाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
समापन समारोह के दौरान विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए। अपने संबोधन में अतिथियों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि देवघर में इस प्रकार के राष्ट्रीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा और आने वाले समय में युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करेगा।
आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, कोच, निर्णायकों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी। साथ ही यह विश्वास व्यक्त किया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के भव्य और सफल आयोजन लगातार होते रहेंगे, जिससे राज्य एवं देश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।

More Stories
“झौसागढी दुःखी साह रोड स्थित दुखी साह मेमोरियल ” संदीपनी पब्लिक स्कूल में ग्रीन कलर डे आयोजित
हंसराज जयंती पर विद्यालय में माल्यार्पण एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन