
देवघर से प्रेम रंजन झा का रिपोर्ट

नगर विकास विभाग के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च से 14 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के क्रम में आज नगर निगम देवघर द्वारा एक विशेष कार्यशाला एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सफाई व्यवस्था से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्याओं तथा महिला सफाई मित्रों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, उनके योगदान को सम्मानित करना तथा शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए सामूहिक संकल्प को मजबूत करना था।
कार्यशाला के दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को स्वच्छता अभियान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर को स्वच्छ रखने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और सफाई मित्र प्रतिदिन अपने कार्यों के माध्यम से शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि यदि समाज की महिलाएं स्वच्छता के प्रति जागरूक हों और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, तो स्वच्छ शहर का सपना और अधिक मजबूत हो सकता है।
इस अवसर पर सभी महिला सदस्यों को शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सामूहिक रूप से शपथ भी दिलाई गई। महिलाओं ने यह संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी, कूड़ा इधर-उधर नहीं फेंकने के लिए प्रेरित करेंगी तथा नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देंगी।

कार्यक्रम के दौरान महिला स्वास्थ्य कर्मियों और सफाई मित्रों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। इस शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया। डॉक्टरों की टीम ने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी दी। स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य सफाई कार्य में लगी महिलाओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अंतर्गत ऐसे कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समाज में उनके योगदान को सम्मान देना है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

More Stories
सारठ पुलिस ने 3 दिन में सुलझाई स्कूल चोरी की गुत्थी, 3 आरोपी गिरफ्तार:- मध्य विद्यालय कर्मा से चोरी CPU, प्रिंटर, कैमरा समेत भारी मात्रा में सामान बरामद
विश्व पर्यावरण दिवस समारोह:- मदर्स टच स्कूल द्वारा 5 जून 2026 को नंदन पहाड़ ऑक्सीजन पार्क में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण अभियान का आयोजन किया गया।
खिलाड़ियों ने किया विधायक सुरेश पासवान का सम्मान, दक्षिण एशियाई स्वर्ण में रहा अहम योगदान* *गोल शॉट बॉल प्रशिक्षण शिविर की सफलता में निभाई अहम भूमिका*